रानियां में दिनदहाड़े लूट का खुलासा, पिस्तौल के दम पर वारदात करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
सिरसा: जिले के रानियां क्षेत्र में दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपती के घर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। Sirsa police ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश जारी है।
![]() |
| रानियां में पकड़े गए तीनों युवक |
जानकारी के अनुसार, 13 मार्च 2026 को धनुर रोड स्थित वार्ड नंबर 10 में चार युवक स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक ढाणी में पहुंचे। आरोपियों ने खुद को बिजली मिस्त्री बताकर घर में प्रवेश किया और अंदर जाते ही पिस्तौल के बल पर 13 वर्षीय बच्चे को बंधक बना लिया।
पीड़िता गुरदीप कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे मोबाइल फोन, लैपटॉप और करीब 8 से 9 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद रानियां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने अहम सुराग जुटाते हुए तीन आरोपियों—प्रमोद कुमार निवासी ढाणी जोगा सिंह, गुरपिंदर सिंह और सुखदेव सिंह निवासी रानियां—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी का भी खुलासा किया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। साथ ही फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी काबू करने की बात कही जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

0 Comments