ट्यूबवेल केबल चोरी मामले में गिरोह के दो और आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार

 ट्यूबवेल केबल चोरी मामले में गिरोह के दो और आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार

सिरसा: जिले के ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवेलों की केबल तार चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए डिंग थाना पुलिस ने गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर काबू किया गया है।

Sirsa news


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देशों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान दीपू निवासी हुड्डा सेक्टर-19, सिरसा तथा उमेश निवासी गांव जोधकां के रूप में हुई है।

मामले की शुरुआत गांव जोधकां के निवासी राजपाल द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत से हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि 11 जनवरी 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने गांव के करीब आधा दर्जन खेतों में लगे ट्यूबवेलों से केबल तार चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए जांच शुरू की और पहले ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से चोरी की गई केबल तार भी बरामद की जा चुकी है।

जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह के दो अन्य सदस्यों की पहचान की, जो पहले से ही जेल में बंद थे। इसके बाद पुलिस टीम ने प्रोडक्शन वारंट हासिल कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं से भी पर्दा उठ सकता है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments