बाइक चोरी गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, 5 मोटरसाइकिल बरामद
सिरसा: जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एबीवीटी स्टाफ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय स्तर पर वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशों पर की गई। एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि इस मामले की जांच एक शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी। शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह, निवासी गांव बोदिवाली (जिला फतेहाबाद), ने बताया था कि 6 अप्रैल 2025 को वह अपनी बाइक लाइब्रेरी के बाहर खड़ी कर अंदर पढ़ाई करने गया था। कुछ समय बाद लौटने पर उसकी बाइक मौके से गायब मिली।
शिकायत के आधार पर थाना डिंग में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एबीवीटी स्टाफ को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय उर्फ कातिया निवासी गांव बकरियांवाली, जिला सिरसा को कोटली मोड़ क्षेत्र से चोरी की बाइक सहित काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। आरोपी ने दो बाइक राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र, दो हिसार जिले से और एक बाइक डिंग क्षेत्र से चोरी करने की बात कबूली है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, जिससे अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

0 Comments